वैश्विक कारोबार पर चर्चा के लिए इकट्ठा हो रहे 40 देशों के प्रतिनिधियों के सामने यूपी में निवेश की असीमित संभावनाओं का पिटारा खुलेगा। 27 से 29 जनवरी तक होटल जेपी पैलेस में आयोजित सीआईआई पार्टनरशिप समिट में स्टेट पार्टनर उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और परस्पर कारोबारी संबंधों को बढ़ावा देने पर चर्चा की जाएगी। उद्घाटन उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी करेंगे। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव खुद प्रदेश में निवेश की संभावनाओं की जानकारी देंगे।
आगरा में होने वाले पार्टनरशिप समिट में 40 देशों के करीब 1200 प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश सरकार नई औद्योगिक और खाद्य प्रसंस्करण नीति की भी घोषणा करेगी।
समिट के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ औद्योगिक घरानों के प्रमुख, विभिन्न देशों के राजनयिक और कारोबारी प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं। टर्की, अरब देशों और अफ्रीकन देशों के साथ कारोबारी संबंधों को बढ़ावा देने के लिए अलग से सत्र होंगे।
गोदरेज समूह के चेयरमैन आदि गोदरेज, मोदी ग्रुप के चेयरमैन केके मोदी, बिरला ग्रुप के सीएस नोपानी, एशियन डेवलेपमेंट बैंक के एमडी जनरल, कई देशों के वाणिज्य मंत्री, विश्व व्यापार संगठन के महानिदेशक पास्कल लेमी, गेल के सीएमडी बीसी त्रिपाठी, एचसीएल के सीओओ हर्ष चिताले, टाटा कंसल्टेंसी से जयंत कृष्णा, टाटा कम्यूनिकेशन के चेयरमैन सुबोध भार्गव सहित कई नामी गिरामी हस्तियां भी भाग लेंगी।
यह सेक्टर ज्यादा संभावित
समिट में आईटी, फूड प्रोसेसिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, मेडिकल टूरिज्म, लेदर एंड फुटवियर सेक्टर, टेक्सटाइल सेक्टर पर निवेश और कारोबार को विदेश में ले जाने पर चर्चा होने की संभावना है। इन सेक्टरों के प्रतिनिधि रजिस्ट्रेशन के बाद जहां आपस में बात कर रहे हैं वहीं कई देशों ने आगरा के उद्यमियों को फूड प्रोसेसिंग, आईटी सेक्टर और मेडिकल टूरिज्म पर बात करने के लिए अलग से समय मांगा है।