महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर कोई लगाम लगता नहीं दिख रही है। दिल्ली हो या उत्तर प्रदेश, महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। गाजियाबाद जिले के मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला का अपहरण करके एक माह तक गैंगरेप करने का मामला सामने आया है।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।
एक गांव की महिला पांच मई को पूजा के लिए मंदिर जा रही थी। तभी कार सवार तीन युवकों ने उसका अपहरण कर लिया। पीड़ित का कहना है कि युवक उसे पहले सहारनपुर ले गए। वहां एक होटल में बंधक बनाकर रेप किया।
फिर आरोपी उसे कटड़ा (जम्मू) लेकर गए और एक माह तक उसके साथ रेप किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी चार जून को पीड़ित को मेरठ अब्दुलापुर मार्ग पर फेंककर फरार हो गए। बदहवास हालात में पीड़ित अपनी बहन के घर पहुंची और आपबीती बताई।
सूचना पर पीड़ित के परिजनों ने मामले की शिकायत आईजी से की। आईजी के निर्देश पर छह जून को मेरठ महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
मोदीनगर कोतवाली प्रभारी राशिद अली ने बताया कि बृहस्पतिवार को महिला थाने से एफआईआर मोदीनगर कोतवाली के लिए ट्रांसफर की गई है। रिपोर्ट में मुरादनगर नेकपुर के मोनू को नामजद कराया गया है, जबकि दो युवक अज्ञात हैं।