युवक की संदिग्ध हालात में मौत
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। कस्बे के मोहल्ला हलवाईयान निवासी युवक की शुक्रवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक के पिता ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के मोहल्ला हलवाईयान निवासी सद्दाम का निकाह करीब सात साल पूर्व मोहल्ला कानूनगोयान निवासी सिम्मी से हुआ था। सद्दाम के पिता निसार ने तहरीर देकर बताया कि निकाह के बाद से ही दंपती में विवाद रहता था। बृहस्पतिवार को ससुराल पक्ष के लोग सद्दाम को अपने घर बुलाकर ले गए थे। आरोप है कि ससुराल से शुक्रवार रात सद्दाम बदहवासी की हालत में घर लौटा और परिजनों को बताया कि ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर जहर दे दिया है। इस पर परिजन उसे पीएचसी ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले में थाना पुलिस ने निसार की तहरीर पर सद्दाम की पत्नी सिम्मी के साथ ही ससुराल पक्ष के इंतजार, नसीम व सद्दाम के खिलाफ मारपीट व आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।