मुजफ्फरनगर। मोहल्ला रामलीला टिल्ला निवासी युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने युवक के ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला टिल्ला निवासी सुनील कारीगर के भतीजे सोनू (34) की शादी करीब दस साल पूर्व ककरौली क्षेत्र के गांव चौरावाला निवासी युवती से हुई थी। दंपती के चार बच्चे भी हैं। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच मनमुटाव चल रहा था, जिसके चलते महिला अपने मायके चौरावाला में रह रही थी। परिजनों का कहना है कि बुधवार को सोनू अपनी पत्नी को लाने के लिए चौरावाला स्थित ससुराल में गया था, लेकिन देर रात वह अचेतावस्था में शहर के मिमलाना रोड पर पड़ा मिला। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया था, जहां बृहस्पतिवार शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार शाम युवक के परिजन शहर कोतवाली पहुंचे और ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों ने दावा किया कि युवक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत जहर से होने की पुष्टि हुई है। पीड़ित परिजनों ने नामजद तहरीर देते हुए आरोपी ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।