युवक ने जान देने की कोशिश की, फांसी पर लटका
मुजफ्फरनगर। गांव बेहड़ा-थ्रू में एक युवक शनिवार सुबह आत्महत्या के इरादे से अपने घर में फांसी के फंदे पर झूल गया। परिजनों ने ऐनवक्त पर उसे देखकर फंदे से नीचे उतार लिया। युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे नाजुक हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव बेहड़ा-थ्रू निवासी अजय कुमार (45) शनिवार सुबह अपने घर में ही था। इसी दौरान उसने एक कमरे में पहुंचकर पंखे से फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या के इरादे से उस पर झूल गया। उसी समय परिजनों ने उसके कमरे में झांककर देखा तो युवक को फांसी के फंदे पर झूलता देख उनके होश उड़ गए। परिजनों ने तत्काल युवक को फंदे से नीचे उतारा और अचेतावस्था में उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां से गंभीर हालत में युवक को मेरठ रेफर कर दिया गया। इस संबंध में थाना पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।