महिला का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
भौराकलां। गांव शिकारपुर में पांच जून को संदिग्ध हालात में हुई महिला की मौत के मामले में शनिवार को उसका शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव बेगराजपुर निवासी मुर्तजा ने सीओ फुगाना सोमेंद्र सिंह नेगी को तहरीर देकर बताया था कि उसकी दो भतीजी तबस्सुम व तरन्नुम का निकाह गांव शिकारपुर निवासी आस मोहम्मद व नूर मोहम्मद के साथ हुआ था। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज में दो लाख की मांग पूरी न होने पर पांच जून को ससुराल पक्ष ने सात माह की गर्भवती तबस्सुम को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर परिजन शिकारपुर पहुंचे तो ससुराल पक्ष ने आनन-फानन में शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। मुर्तजा की तहरीर पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न व हत्या के मामले में ससुराल पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। शनिवार को पुलिस ने गांव शिकारपुर पहुंचकर महिला के शव को कब्र से निकलवाया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। सीओ ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के आधार पर अब जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।