सुजड़ू में संपत्ति बंटवारे के विवाद में फायरिंग
मुजफ्फरनगर। शहर से सटे गांव सुजड़ू के मोहल्ला कूंगरपट्टी में बंटवारे के विवाद में दो भाइयों में संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव के साथ ही फायरिंग भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भी ईंट-पत्थर बरसाए गए। पुलिस की ओर से दोनों पक्षों से 11 नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजड़ू की कूंगरपट्टी निवासी अरशद उर्फ मलबा का अपने सगे भाई रियाजुल से संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार शाम भी दोनों पक्षों में इसे लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव होने के साथ ही फायरिंग भी की गई, जिससे अफरातफरी मच गई। संघर्ष की सूचना पर वहलना चौकी प्रभारी एसआई विनय शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो दोनों पक्षों ने एकजुट होकर पुलिसकर्मियों के साथ ही गालीगलौज करते हुए उन पर पथराव कर दिया। इस पर पुलिस टीम ने बमुश्किल वहां से भागकर जान बचाई। इस मामले में एसआई विनय शर्मा की ओर से एक पक्ष के अरशद उर्फ मलबा, मशरूर, जीशान व कई अज्ञात और दूसरे पक्ष के रियाजुल, मरगूब, शादाब, अकरम, कादिर व मतलूब के साथ ही कई अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।