संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। दोपहर के समय एक महिला ट्रेन में घायल हालत में मिली। जीआरपी टीम ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार कराने के बाद वह परिजनों के साथ चली गई, उसने चलती ट्रेन में खुद को ब्लेड मारकर घायल किया था। इसके अलावा शाम के समय एक युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई।
बुधवार दोपहर जीआरपी टीम को सूचना मिली कि मेरठ से सहारनपुर जाने वाली नाैचंदी एक्सप्रेस ट्रेन में एक महिला ने अपने हाथ पर ब्लेड मार कर खुद को घायल कर लिया है। मुजफ्फरनगर स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ टीम ने महिला को उतारा और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जीआरपी ने बताया कि महिला सहारनपुर निवासी ज्योति है, उसकी शादी 2003 में हुई थी। पति से मनमुटाव के कारण वह अपनी दो बेटियोंं के साथ मायके में रहती थी। वह नौकरी के सिलसिले में मेरठ में अपने परिचित से मिलकर वापस आ रही थी। वह नौकरी न मिलने से परेशान थी। पति से भी उसका मनमुटाव चल रहा था।
परेशान होकर मेरठ से ट्रेन में बैठने के कुछ देर बाद ही उसने यह घटना की। किसी राहगीर ने रेलवे की हेल्पलाइन पर सूचना दी थी। इसके बाद उसे ट्रेन से उतार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शाम के समय उसके परिजन आकर उसे अपने साथ ले गए।
इसके अलावा शाम के समय रेलवे लाइन पार करते समय साउथ सिविल लाइन निवासी शुभम ट्रेन की चपेट में आ गया, उसकी मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।