आईटीबीपी जवानों का गर्मजोशी से स्वागत
मुजफ्फरनगर। केंद्र सरकार द्वारा मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों द्वारा निकाली जा रही साइकिल यात्रा का शहर के विश्वकर्मा चौक पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बैंडबाजे के साथ स्वागत किया तो राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन की कार्यकर्ताओं ने जवानों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें फलाहार-मिष्ठान भेंट किए। बैंडबाजे के साथ देशभक्तिपूर्ण गीत बजाए गए।
अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर जनपद से देश की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में निकाली जा रही आईटीबीपी जवानों की साइकिल रैली का 15 अगस्त को शुभारंभ किया गया था। इसके बाद से लगातार चलते हुए साइकिल यात्रा बुधवार दोपहर सहारनपुर जनपद से शहर के विश्वकर्मा चौक पर पहुंची। यहां एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, मंडी इंस्पेक्टर अनिल कपरवान के साथ ही राष्ट्रीय हिंदू शति संगठन की महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं ने जवानों पर पुष्पवर्षा करने के साथ ही उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
बैंडबाजे के साथ देशभक्तिपूर्ण गीत बजाए गए। वहीं, जवानों को फलाहार और मिष्ठान भी खिलाए गए। आईटीबीपी के महानिरीक्षक नीलाभ किशोर और उप महानिरीक्षक गिरीश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में निकाली जा रही साइकिल यात्रा शहर के पंजाबी बरातघर में विश्राम करेगी। इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह मेरठ के लिए रवाना हो जाएगी। यह साइकिल यात्रा आगामी दो अक्तूबर को दिल्ली के राजघाट पर पहुंचकर संपन्न होगी। इस दौरान मुख्य रूप से टीम लीडर सहायक सेनानी प्रदीप कुमार, डिप्टी टीम लीडर कृष्ण कुमार, डॉ महेश कुमार समेत बड़ी संख्या में आईटीबीपी के जवान मौजूद रहे।