मीरापुर में गंगा बैराज पर बढे जलस्तर को देखते अधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
रामराज(मुजफ्फरनगर)। पहाड़ी क्षेत्रों में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बैराज पर गंगा का जल स्तर चेतावनी बिंदू को पार कर गया है। रामराज क्षेत्र के खादर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिसको देखते हुए प्रशासन ने खादर क्षेत्र के लगभग एक दर्जन गांव में अलर्ट घोषित कर दिया है। एडीएम वित्त व एसडीएम जानसठ ने क्षेत्र में दौरा किया तथा बाढ़ चौकियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों का पानी गंगा बैराज के रास्ते खादर क्षेत्र में पहुंच रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों से भारी मात्रा में पानी आने के कारण खादर क्षेत्र के लगभग एक दर्जन गांव में बाढ़ की आशंका बन गई है। कई गांव के जंगल के खेतों में पानी पहुंच गया है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने खादर क्षेत्र के लगभग एक दर्जन गांव में अलर्ट घोषित कर दिया है। बाढ़ चौकियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। हल्का लेखपाल रामपाल ने बताया कि ग्रामीणों को मुनादी कराकर सतर्क रहने के लिए कहा गया है। किसानों को भी गंगा किनारे न जाने के लिए कहा गया है।
स्थिति का जायजा लेने गंगा बैराज पर पहुंचे एसडीएम जानसठ जयेंद्र कुमार ने बताया कि हरिद्वार से 3 लाख 58 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जो देर रात तक गंगा बैराज पर पहुंचने की संभावना है। पानी की स्थिति पर नजर रखने के लिए हल्का लेखपाल को क्षेत्र में ही रहने के आदेश दिए गए है। हर घंटे बाद हल्का लेखपालो से पानी की स्थिति के बारे में जानकारी ली जा रही है। खादर क्षेत्र के जीवनपुरी, रामपुर ठकरा, अल्लूवाला, हंसावाला, अहमदवाला, इशाक वाला, लालपुर रहड़वा, फरीदपुर सहित लगभग एक दर्जन गांव में अलर्ट घोषित किया गया है। गंगा बैराज पर तैनात सिंचाई विभाग के जेई पीयूष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गंगा बैराज पर चेतावनी बिंदु 219 मीटर है तथा देर शाम को गंगा का अधिकतम जलस्तर 219.60 मीटर गंगा के जलाशय में दर्ज किया गया है। देर शाम को बाढ़ की आशंका के चलते एडीएम वित्त आलोक कुमार व एसडीएम जानसठ ने लेखपालों व सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में निरीक्षक किया व स्थित का जायजा लिया।