शाहपुर के गांव गोयला में प्रधानमंत्री का पैरा ओलंपिक खिलाड़ियों से वर्चुल संवाद देखते ग्रामीण।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के गांव गोयला की होनहार पैरा तीरंदाज खिलाड़ी ज्योति बालियान के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संवाद को लाइव देखकर ग्रामीण गदगद हो गए। इसके लिए गांव के लोगों के लिए सीधे प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई थी।
गांव गोयला की पैरा तीरंदाज खिलाड़ी ज्योति बालियान के टोक्यो पैरा ओलंपिक में चयन से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरा ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों व उनके स्वजनों से वर्चुअल संवाद किया। ज्योति बालियान ने सोनीपत के साईं स्टेडियम से प्रधानमंत्री से संवाद किया, वहीं उसके परिवार के सदस्यों ने मुजफ्फरनगर कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी में वर्चुअल संवाद में प्रतिभाग किया। ग्रामीणों के लिए गांव में सहकारी समिति के परिसर में एक बड़ी एलईडी पर सीधा प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम शुरू होने के बाद खेल मंत्री अनुराग ठाकुर व पैरा ओलंपिक समिति की अध्यक्ष डा. दीपा मलिक के संबोधन के बाद सबसे पहले जब होनहार पैरा तीरंदाज ज्योति बालियान का नाम लिया गया तो ग्रामीणों ने तालियां बजाकर खुशी का इजहार किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की बेटी ने गांव का नाम देश में रोशन कर दिया है, जिस पर वह गर्व महसूस करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की होनहार बेटी ओलंपिक में पदक जीत कर देश का नाम विश्व में रोशन करेगी। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी बुढाना अजय कुमार अम्बष्ट, ब्लाक प्रमुख अरविंद त्यागी, बीडीओ जसवीर सिंह तेवतिया, ग्राम प्रधान धर्मपाल सिंह, चांदपुर के पूर्व प्रधान अमित त्यागी, एसएसआई निर्दोष त्यागी, एडीओ पंचायत सुनील कुमार आदि सैकड़ों ग्रामीण के साथ मौजूद रहे।