हादसे में ग्रामीण की मौत, हाईवे किया जाम
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर कुरथल गांव के सामने टैंकर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए मेरठ-करनाल हाईवे पर जाम लगा दिया। सीओ बुढ़ाना पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया।
क्षेत्र के गांव कुरथल निवासी अशोक कुमार (55) पुत्र फतेह सिंह किसी काम से मेरठ के सरधना कस्बे में गया था। सोमवार रात बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था। मेरठ-करनाल हाईवे पर कुरथल गांव के सामने कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि टैंकर चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
हाईवे पर बड़े वाहन लापरवाही से चलाए जा रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में कई ग्रामीणों की हादसों में मौत हो चुकी है। जाम लगाए जाने की जानकारी मिलते ही सीओ विनय गौतम पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत किया।