जानसठ के गांव काटका में पीड़ित परिवार पलायन को मजबूर, घर पर लिखा मकान बिकाऊ है।
- फोटो : KHATAULI
जानसठ। गांव काटका का एक परिवार गांव के ही कुछ लोगों के डर से गांव छोड़ने को मजबूर हो रहा है। उनका आरोप है कि उनके पुत्र की गर्दन काटकर हत्या करने का प्रयास करने के आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे है और उन्हें मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहे है़।
गांव काटका निवासी अहसान ने बताया कि गत 12 मई की रात गांव के ही तीन लोगों ने उसके पुत्र इन्तजार की हत्या करने की कोशिश करते हुए उसकी गर्दन उस समय रेत दी थी जब वह अपने घर के बाहर सोया था। जिससे वह बच गया था। इस मामले में गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने कई दिन बाद एक आरोपी व्यक्ति को तो जेल भेज दिया था। लेकिन पलिस बाकी दो को जांच की बात कहकर टाल रही है।
पीड़ितों ने बताया कि बाकी के दोनों आरोपी गांव में खुले घूम रहे है। और उन्हें मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहे है। पीड़ित ने बताया कि दो दिन पहले जब वह पानी चलाने के लिए खेत पर गया था, तो आरोपियों ने उसे पानी तक नहीं चलाने दिया। उसे वहां से धमका कर भगा दिया। अहसान ने बताया कि वह आरोपियों के डर से गांव छोड़ने के लिए मजबूर हो रहा है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी पुुलिस से साठगांठ कर रहे है। उसने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो वह मजबूरन गांव छोड़ने के लिए मजबूर हो जाएगा।
सीओ शकील अहमद ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। किसी को गांव से डर के कारण पलायन नहीं करने दिया जाएगा।