मुजफ्फरनगर में नाले में दो बंदूक मिली।
- फोटो : amar ujala
मुजफ्फरनगर जनपद में नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधी कॉलोनी सुभाष नगर में नाले की सफाई के दौरान दो बंदूक मिलने से सनसनी फैल गई। इस दौरान मौके पर भीड़ लग गई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बंदूकें कब्जे में ले ली। दोनों बंदूकें लाइसेंसी बताई गई हैं, जिनमें से एक डबल बैरल और एक सिंगल बैरल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधी कॉलोनी गली नंबर 11 में सुभाष नगर के नाले में मंगलवार को सफाईकर्मी नाले की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान नाले में एक दोनाली बंदूक मिली। कुछ देर बाद एक नाली बंदूक भी मिली। दोनों बंदूकें पुरानी और टूटी अवस्था में थी।
इसके बाद सफाईकर्मी ने आसपास के लोगों को सूचना दी। जानकारी लगने पर मौके पर भीड़ लग गई। वहीं सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर पंकज पंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों बंदूक अपने कब्जे में ले ली। पुलिस ने कीचड में सनी बंदूकों की सफाई कराई। हालांकि बंदूक पूरी तरह जंग खा चुकी है, जिसकी नाल अलग हो चुकी थी। दोनों बंदूकें लाइसेंसी हैं। दोनों बंदूकों की हालत देखकर लग रहा है कि बंदूक काफी समय पूर्व नाले में फेंकी गई है। इस संबंध में सीओ नई मंडी ने भी जानकारी ली है।
यह भी पढ़ें: मेरठ: छात्रों की फीस के 50 लाख ले उड़ा एमपीएस का क्लर्क, अभिभावकों को स्कूल ने भेजे नोटिस तो खुला मामला
सीओ हिमांशु गौरव ने बताया कि दो बंदूक नाले में जंग लगी अवस्था में पड़ी मिली है, जो टूटी हुई है। दोनों लाइसेंसी है। एक डबल बैरल और एक सिंगल बैरल है। दोनों के नंबर लिखे हुए है। इस संबंध में असलाह बाबू को रिपोर्ट भेज कर शस्त्र की जानकारी ली जाएगी, ताकि यह पता लग सके कि दोनों शस्त्र लाइसेंस किसके नाम है। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: मिशन 2022: मेरठ में असदुद्दीन ओवैसी की रैली की तैयारी तेज, शाहिद अखलाक जल्द ले सकते हैं बड़ा फैसला