ट्रक की टक्कर लगने से टूटी सड़क के बीच में बनी लोहे की रेलिंग
- फोटो : DEVBAND
देवबंद/तलहेड़ी (सहारनपुर)। तलहेड़ी बुजुर्ग बस स्टैंड पर शनिवार की रात्रि बजरी से भरा ओवर लोड 18 टायर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क में बनी लोहे की रेलिंग को तोड़ता हुआ दुकानों में जा घुसा। इस दुघर्टना में ट्रक चालक की मौत हो गई। वहीं, ट्रक की टक्कर लगने से चार दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
सहारनपुर से देवबंद की तरफ जा रहे 18 टायर ट्रक संख्या यूके 07सीबी 3671 में बजरी लदी थी। इसे ड्राइवर मनोज कुमार पुत्र आज्ञाराम निवासी जानीपुर थाना बिहारीगढ़ (सहारनपुर) चला रहा था। शनिवार की रात्रि में करीब 2.20 बजे ट्रक जैसे ही तलहेड़ी बुजुर्ग बस स्टैंड के निकट पहुंचा तो ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई। इसके चलते ट्रक हाईवे पर सड़क के किनारे पर लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ता हुआ भारतीय इंटर कॉलेज रोड पर बने बाजार की दुकानों में जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि ड्राइवर मनोज कुमार (32) घायल हो गया। जबकि ट्रक की टक्कर से श्री मां दुर्गा पुस्तक भंडार, बालाजी गारमेंट और जय दुर्गा क्लाथ हाउस समेत चार दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा।
हादसे की सूचना मिलते ही तलहेड़ी चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त ट्रक में फंसे ड्राइवर को बाहर निकालकर उसे देवबंद सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल ने बताया मृतक ड्राइवर के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले में दुकानदारों ने अभी तहरीर नहीं दी। हादसा ड्राइवर को नींद की झपकी आने के चलते हुआ है। रविवार को दोपहर बाद तक भी ट्रक को घटनास्थल से नहीं हटाया जा सका। पुलिस ने कहा जेसीबी व क्रेन से भी ट्रक नहीं उठा। अब उसे खाली करके ही वहां से उठाया जाएगा। इसके बाद बाद अवरुद्ध मार्ग सुचारु हो सकेगा।
तलहेड़ी बुजुर्ग में अनियंत्रित होकर दुकान में घुसे क्षतिग्रस्त ट्रक को देखते लोग- फोटो : DEVBAND