भाकियू के जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ने बताया कि सहारनपुर, शामली, मुजफ्फनगर और मेरठ के किसानों के पास लखनऊ जाने की व्यवस्था नौचंदी एक्सप्रेस है। इस ट्रेन से ही किसान लखनऊ रवाना होंगे।
लखनऊ में होने वाली संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत के लिए मुजफ्फरनगर के किसानों ने नौचंदी एक्सप्रेस से कूच किया। किसानों ने ट्रेन के एक डिब्बे पर पूरी तरह कब्जा कर लिया। किसान नेता गौरव टिकैत, जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा के नेतृत्व में किसान शाम के समय रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। किसानों ने नौचंदी ट्रेन के एक डिब्बे पर पूरी तरह कब्जा कर लिया और लखनऊ के लिए रवाना हो गए। लखनऊ में सोमवार को होनेे वाली संयुक्त मोर्चा की किसान महापंचायत में ये किसान भाग लेंगे। इस किसान पंचायत को भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत संबोधित करेंगे।
विज्ञापन
तीन कृषि कानून वापसी की घोषणा से बुलंद हुए हौसलों के बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने पूर्व निर्धारित सभी कार्यक्रमों को जारी रखने का एलान कर दिया है। इस क्रम में सोमवार को लखनऊ में किसान महापंचायत होने जा रही है। पंचायत में भाग लेने के लिए पश्चिमी यूपी से भी हजारों किसान लखनऊ के लिए कूच कर रहे हैं। मेरठ जनपद से भी करीब 300 किसानों के पहुंचने का दावा किया गया है।
तीन कृषि कानून वापसी की घोषणा के साथ पीएम नरेंद्र मोदी ने किसानों से आंदोलन खत्म कर घर लौटने की अपील की थी। लेकिन किसान संगठनों ने कृषि कानूूनों की वापसी का तो स्वागत करते हुए खुशियां मनाई, लेकिन कानूनों के संसद से रद्द होने और एमएसपी पर कानूनी गारंटी मिले बगैर वापसी से इनकार करते हुए इसका निर्णय संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक पर छोड़ दिया था। शनिवार को मोर्चा की कोर बैठक में तब तक घर वापसी नहीं करने का निर्णय लिया गया जब तक एमएसपी को कानूूूनी जामा नहीं पहनाया जाता और पराली व संशोधित बिजली बिल को वापस नहीं लिया जाएगा।