जहर खुरानी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना पुलिस ने कूकड़ा क्षेत्र में पालतू पशुओं के चारे में जहर मिलाकर उनकी हत्या करने वाले गिरोह के दो सदस्य आसिफ और इनाम को गिरफ्तार किया है। उनके पास से जहरीला पदार्थ भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव कूकड़ा के मोहल्ला अमित विहार निवासी कालूराम ने तहरीर देकर बताया कि पिछले कुछ दिन से कूकड़ा व इसके आसपास क्षेत्र में पालतू पशुओं के चारे में जहर मिलाने की घटनाएं हो रहीं थीं। इसके चलते सभी लोग पशुओं की रखवाली कर रहे थे। आरोप है कि बुधवार शाम दो युवक संदिग्ध हालात में गांव में पहुंचे और पालतू पशुओं की खोर के इर्दगिर्द घूमने लगे। उनकी संदिग्ध हरकतें देखकर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लिए जाने पर उनके पास से करीब तीन सौ ग्राम जहरीला पदार्थ भी बरामद किया गया, जिस पर ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि कालूराम की तहरीर पर दोनों आरोपियों मोहल्ला जोहड़वाली मस्जिद निवासी आसिफ और मोहल्ला खालापार निवासी इनाम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पूछताछ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।