वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य धरे, दो अन्य फरार
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो चोरों शादाब और साजिद को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की दो कार, तीन बाइक व एक स्कूटी बरामद की गई है। वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। बरामद कार की रिपोर्ट सहारनपुर के नकुड़ निवासी सुधीर कुमार ने नई मंडी थाने में दर्ज कराई थी।
नई मंडी कोतवाली पुलिस बृहस्पतिवार सुबह अलमासपुर चौक पर वाहन चेकिंग कर रही थी। क्राइम इंस्पेक्टर सुशील सैनी ने बताया कि इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को पूछताछ के लिए रोका गया, जिनके पास से बरामद बाइक चोरी की पाई गई। इस पर आरोपियों को थाने ले जाया गया, जिनसे पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दो कार, तीन बाइकें व एक स्कूटी बरामद की गई। पकड़े गए आरोपियों में माता वाली गली खालापार निवासी शादाब और करीमनगर खालापार निवासी साजिद शामिल हैं। वहीं, इनके दो अन्य साथी भी है, जो इनके पकड़े जाने के बाद फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। इंस्पेक्टर सुशील सैनी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी वाहनों को चोरी कर उनके फर्जी कागजात बनाने के बाद उन्हें आगे बेच देते थे। उनके पास से बरामद कारों में से एक कार चार मई को नई मंडी क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसकी रिपोर्ट गाड़ी मालिक सहारनपुर के नकुड़ निवासी सुधीर कुमार ने नई मंडी थाने में दर्ज कराई थी। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की तलाश की जा रही है।