मोरना। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजनान्तर्गत मत्स्य संरक्षण के लिए रिवर रेंचिंग कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय मत्स्यिकी बोर्ड की टीम ने शुकतीर्थ में गंगा व सोलानी में मछलियों के दो लाख बच्चों को छोड़ा।
शुकतीर्थ गंगा घाट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर देशभूषण ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर अनेक प्रयास जारी हैं।
इन्ही प्रयासों के अंतर्गत शुकतीर्थ गंगा व सोलानी के जल में मछलियों के बच्चों को छोड़ा गया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि जैव विविधता बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण, जलीय जंतुओं के संरक्षण वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है । सहायक निदेशक (मत्स्य) डॉ. अनीता टमटा ने कहा कि गंगा व उसकी सहायक नदियों में जैव विविधता बढ़ाने के उद्देश्य से शुकतीर्थ गंगा घाट पर भारतीय मछलियों की तीन प्रजातियों के मछलियों के बच्चों को छोड़ा गया है।
ब्लॉक प्रमुख अनिल राठी, रामकुमार शर्मा, अरुण पाल, पंकज माहेश्वरी, प्रदीप निर्वाल, सुरेंद्र सिंह, देवेंद्र आर्य आदि मौजूद रहे।