सिसौली में मेरी हत्या की कोशिश की गई
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना के भाजपा विधायक उमेश मलिक ने कहा कि सिसौली में मेरी हत्या करने का प्रयास हुआ है। हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। यदि चालक कार लेकर नहीं भागता तो मेरी हत्या कर दी जाती। उन्होंने कहा कि सिसौली ने आज सभी हदें पार कर दी। घर में घुस कर हमला किया गया। पहले से ही काले तेल का प्रबंध हमलावरों ने कर रख था। बुग्गी और बाइक लगा कर उनकी कार को रोका गया। हमलावर घातक हथियार लिए हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय किसान यूनियन के लोग अराजकता का वातावरण पैदा करना चाह रहे है।
आधे घंटे तक घिरे रहे विधायक
मुजफ्फरनगर। सिसौली में जन कल्याण समिति के कार्यक्रम में किसान नेता वीएम सिंह, गुलाम मौहम्मद जौला के साथ विधायक उमेश मलिक भी मुख्य अतिथि थे। उनके भाषण के दौरान ही आरोपी हमलावरों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर घेराव कर हंगामा करना शुरू कर दिया था। मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। विधायक उमेश मलिक कार में बैठ कर चले तो उन्हें घेर लिया। तब वे एक घेर में चले गए। हमलावर वहां भी पहुंच गए। करीब आधे तक तक यह घटनाक्रम चलता रहा। पथराव होने पर चालक ने किसी तरह से कार से भगा कर विधायक की जान बचाई।