पुलिस गिरफ्त में आया चेन स्नेचर।
- फोटो : अमर उजाला
घर के बाहर बैठी महिला की एक बदमाश ने चेन झपट ली। महिला बहादुरी दिखाते हुए लुटेरे के पीछे दौड़ पड़ी। लुटेरा आगे-आगे और महिला पीछे-पीछे। शोर-शराबा सुनकर गली के बाहर घर लौटते स्कूली बच्चों को माजरा समझने में देर नहीं लगी और वह लुटेरे का रास्ता रोककर खड़े हो गए। इस पर बदमाश घिर गया और महिला ने उसे दबोच लिया। आसपास की भीड़ ने बदमाश की जमकर धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।
नईमंडी कोतवाली के पटेल नगर निवासी राकेश कुमार होलसेल दवाई का कारोबार करते हैं। मंगलवार दोपहर आवास के बाहर राकेश की पत्नी सीमा घर के बाहर बैठी थी। इसी बीच वहां से पैदल जा रहा एक युवक रास्ता पूछने के बहाने सीमा के नजदीक आया और गले की चेन झपटकर भाग निकला। अचानक हुई घटना से सीमा ने हौसला नहीं खोया और वह बिना कोई देरी किए शोर मचाते हुए बदमाश के पीछे दौड़ पड़ी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। गली के बाहर स्कूल से बच्चे लौट रहे थे।
उन्होंने दोनों को भागते देखा तो वह सड़क के बीच खड़े हो गए। लुटेरे को भागने का मौका नहीं मिला, पीछे से आई महिला ने उसे दबोच लिया। इसके बाद आसपास की भीड़ एकत्र हो गई। बदमाश की जमकर धुनाई की गई। सूचना पर पहुंची नईमंडी पुलिस ने लुटेरे को भीड़ से किसी तरह छुड़ाया और कोतवाली ले आई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। लुटेरे से चेन बरामद हो गई है। पति की ओर से घटना की तहरीर दी गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गांधी कालोनी निवासी सुमित शर्मा पुत्र विजयपाल बताया है।