तकिया से मुंह दबाकर की थी शिक्षिका की हत्या, देवर गिरफ्तार
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। गंग नहर में डूबने से नहीं, बल्कि तकिया से मुंह दबाकर पति और देवर ने शिक्षिका गुलबहार की हत्या की थी। पति संविदा डाक्टर है। उसे क्लीनिक खोलने के लिए दस लाख रुपये व डस्टर कार की जरूरत थी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर गुलबहार की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी देवर नवेद हसन को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।
घटना का खुलासा करते हुए सीओ बुढ़ाना विनय कुमार गौतम ने बताया कि गुलबहार की हत्या उसके पति बाबर और देवर नवेद हसन निवासी कैली थाना दौराला ने दहेज में 10 लाख रुपये नकद और डस्टर गाड़ी न देने के कारण की। गिरफ्तार हत्यारोपी देवर नवेद हसन ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसके बड़े भाई बाबर का निकाह 14 फरवरी 2018 को ललियाना निवासी सहादत हुसैन की पुत्री गुलबहार से हुआ था। उसका भाई बाबर प्यारेलाल अस्पताल मेरठ में संविदा डॉक्टर है और अपना क्लीनिक खोलना चाहता है। उसे रुपयों की जरूरत थी। इसलिए उसने अपनी पत्नी गुलबहार से दस लाख रुपये और डस्टर गाड़ी की मांग की थी। दहेज को लेकर उसके भाई बाबर और भाभी गुलबहार में झगड़ा होता रहता था।
सीओ ने बताया कि पुलिस ने हत्यारोपी देवर नवेद को बुधवार को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तकिया भी बरामद किया है। पुलिस ने गिरफ्तार नवेद को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया है। शेष अभियुक्तों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पति को तमाचा मारने के बाद बनाई हत्या की योजना
छह मार्च को पति बाबर और उसकी शिक्षिका पत्नी गुलबहार के बीच दहेज में 10 लाख रुपये लाने को लेकर विवाद हुआ। मारपीट के दौरान गुलबहार ने अपने पति बाबर को तमाचा मार दिया था। इसके बाद पति बाबर और देवर नवेद ने गुलबहार को ठिकाने लगाने की साजिश रची। सात मार्च की सुबह करीब चार बजे सोते समय पति बाबर एवं देवर नवेद ने मिलकर तकिए से मुंह दबाकर गुलबहार की हत्या कर दी। इसके बाद बाबर और नवेद गुलबहार के शव को कार में डालकर नहर में डालने के लिए निकले। घटनास्थल से पहले ही नवेद ने बाबर को सठेड़ी नहर पुल पर उतार दिया। गुलबहार को नवेद ने पिछली सीट पर इस प्रकार बैठाया, ताकि देखने पर ऐसा प्रतीत हो कि वह सो रही है। इसके बाद हाईवे पुल के नीचे पहुंचने पर नवेद कार को पहले गियर में डालकर खिड़की खोल कर चलती कार से नीचे उतर गया और कार गंग नहर में जा समाई। इसके बाद वहां उसने एक अन्य व्यक्ति के फोन से पुलिस को कार के नहर में गिरने की झूठी सूचना दी थी।
इनके खिलाफ है मुकदमा दर्ज
घटना के संबंध में मृतका गुलबहार के पिता सहादत हुसैन निवासी ललियाना थाना किठौर मेरठ ने सास नूरनिशा, पति बाबर पुत्र अनवार, देवर नवेद एवं दानिश और ननद शाहीन के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया था।