सुरक्षा की गुहार लगाने पुलिस ऑफिस पहुंचा प्रेमी युगल
मुजफ्फरनगर/छपार। शहर निवासी किशोर व छपार क्षेत्र की युवती प्रेम-प्रसंग के चलते 30 जुलाई को घर से चले गए थे, जो बुधवार को सुरक्षा की गुहार लगाने पुलिस ऑफिस जा पहुंचे। छपार पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई है, जहां किशोर के खिलाफ युवती के अपहरण की रिपोर्ट पहले से ही दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी इंटरमीडिएट का किशोर उम्र छात्र एक कोचिंग सेंटर में ट्यूशन पढ़ने जाता था। किशोर का उसी सेंटर पर ट्यूशन लेने वाली छपार क्षेत्र के गांव निवासी बीकॉम की छात्रा के साथ प्रेम-प्रसंग हो गया। इसके बाद दोनों गत 30 जुलाई को घर से चले गए, जिसकी जानकारी मिलने पर युवती के परिजनों ने किशोर के खिलाफ छपार थाने में युवती के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। बुधवार सुबह दोनों पुलिस ऑफिस पहुंचे और एक-दूसरे के साथ ही रहने की बात करते हुए परिजनों से जान का खतरा जताते हुए सुरक्षा की गुुहार लगाई। पुलिस ऑफिस पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मामले की जानकारी छपार थाने को दी, जिस पर छपार थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों को अपने साथ ले गई।
पूछताछ में युवती ने अपने परिजनों के साथ जाने से इंकार कर दिया, जिस पर उसे महिला थाने भेज दिया गया है। वहीं, प्रेमी नाबालिग होने से पुलिस अब कार्रवाई को लेकर पशोपेश में है। पुलिस का कहना है कि युवती के बृहस्पतिवार को कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। कोर्ट के आदेशानुसार ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।