सीएए के विरोध में धरना प्रदर्शन को संबोधित करती महिलाएं
- फोटो : DEVBAND
सरकार फैसले पर अडिग, हम आंदोलन पर
देवबंद (सहारनपुर)। सीएए, एनपीआर और प्रस्तावित एनआरसी को लेकर ईदगाह मैदान में चल रहा महिलाओं का सत्याग्रह 31वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि जब सरकार अपने फैसले पर अडिग है तो वे भी आंदोलन से पीछे हटने वाली नहीं हैं।
मुत्तहिदा ख्वातीन कमेटी के बैनर तले चल रहे धरना प्रदर्शन में फौजिया उस्मानी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए काले कानून के खिलाफ उन्हें एक माह से ज्यादा गुजर चुका है। इस दौरान तरह तरह की साजिशें भी हुईं। लेकिन उन पर इसका कोई असर नहीं हुआ बल्कि उनका जोश पहले से ज्यादा बढ़ा हुआ है। जब तक सरकार अपने फैसले से पीछे नहीं हटती, तब तक उनके भी पीछे हटने का सवाल नहीं बैठता। इरम उस्मानी ने कहा कि सरकार सीएए को लेकर हठधर्मी वाला रवैया अपना रही है, जो लोकतांत्रिक देश में सही नहीं है। देश की बेटियों ने संविधान बचाने की ठानी है तो वह उसे पूरा करके ही दम लेंगी। आज जिस तरह का माहौल देश में बनाया जा रहा है, उससे सभी को नुकसान हो रहा है। हिंदुस्तान हमेशा से हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक रहा है और आगे भी रहेगा। किसी भी प्रकार की साजिशों से यह एकता और अखंडता टूटने वाली नहीं है। इरम उस्मानी ने सभी से हिंदू मुस्लिम एकता तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसा कोई काम न करें जिससे किसी को कोई परेशानी हो। इस दौरान शीबा नाज ने मेरा मुल्क, मेरा देश मेरा यह वतन, हादिया ने सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्ता हमारा सुनाया। जबकि महराज, हिना और नगमा ने भी देशभक्ति गीत पेश किए। इस बीच हिंदुस्तान जिंदाबाद और इंकलाब जिंदाबाद के नारे भी लगते रहे।
सीएए के विरोध में धरना प्रदर्शन करती महिलाएं- फोटो : DEVBAND