चेयरमैन के स्टेनो को चरथावल किया संबद्ध
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका में एक बार फिर से उठापटक शुरू हो गई है। करीब छह महीने तहसील में संबद्ध रहे पालिका अध्यक्ष के स्टेनो गोपाल त्यागी को अब डीएम ने चरथावल नगर पंचायत में अटैच कर दिया है। 14 फरवरी के आदेश में शासन ने स्टेनो की तहसील से संबद्धता खत्म की थी।
मुजफ्फरनगर नगर पालिका राजनीति का अड्डा बनी हुई है। सभासदों की खेमेबंदी की तरह ही पालिका कर्मचारियों के भी गुट बने हुए हैं। इसे लेकर आए दिन कोई न कोई विवाद रहता है। एक दिन पहले ही चेयरपर्सन और ईओ के बीच खूब नोकझोंक हुई थी। बुधवार को पालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल के स्टेनो गोपाल त्यागी को डीएम ने चरथावल नगर पंचायत से संबद्ध करने के आदेश जारी कर दिए और उन्हें तत्काल नगर पंचायत में योगदान करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले गोपाल त्यागी को सदर तहसील में निर्वाचन कार्य के लिए संबद्ध कर दिया गया था। 14 फरवरी को उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव राजीव शर्मा ने गोपाल त्यागी की तहसील से संबद्धता समाप्त कर पुन: नगर पालिका में योगदान करने के आदेश जारी किए थे। साथ ही डीएम को यह भी ताकीद किया था कि भविष्य में इस तरह की संबद्धता न की जाए। गोपाल त्यागी ने 19 फरवरी को ही नगर पालिका में योगदान किया था।
राजीव शर्मा को नगर विकास से हटाया
नगर विकास विभाग में विशेष सचिव के रूप में तैनात राजीव शर्मा ने गोपाल त्यागी की तहसील से संबद्धता खत्म की थी। शासन ने अब उन्हें भी नगर विकास से हटाकर राजस्व परिषद में न्यायिक सदस्य के पद पर तैनात किया है। राजीव शर्मा मुजफ्फरनगर में डीएम के रूप में तैनात रह चुके हैं। उन्हें नगर विकास विभाग से हटवाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष के विरोधी खेमे के सभासद लखनऊ में डेरा डाले हुए हैं। सभासद राजीव शर्मा, बिजेंद्र पाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज वर्मा एवं योगेश मित्तल ने लखनऊ से फोन पर बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर राजीव शर्मा को नगर विकास विभाग से हटवाने की मांग की थी।
इन्होंने कहा...
उन्हें गोपाल त्यागी को चरथावल में संबद्ध करने की जानकारी मिली है। यह नगर पालिका के हित में नहीं है।
- अंजू अग्रवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका।