आदेश के दो माह बाद भी लिपिक को नहीं किया रिलीव
मुजफ्फरनगर। जिला महिला चिकित्सालय की सीएमएस डॉ आभा आत्रेय के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के निदेशक के आदेश बेमाने हो गए हैं। दो माह पहले स्थानांतरण किए जाने के बाद भी वरिष्ठ लिपिक ललित कुमार गर्ग को रीलीव नहीं किया गया है, जबकि सीएमओ ऑफिस से जिन कर्मचारियों के तबादले हुए वह सब अपनी नई जगह ज्वानिंग ले चुके हैं।
निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं लखनऊ डॉ. गणपति राजा आर ने प्रदेश में प्रमोशन पाने वाले सभी लिपिकों का दूसरे जनपदों में स्थानांतरण किया था। इसमें लिपिकों का प्रमोशन प्रधान सहायक से प्रशासनिक अधिकारी पर हुआ था। वरिष्ठ सहायक से प्रधान सहायक पर और कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक पर प्रमोशन हुआ। इनमें अधिकतर लिपिक ऐसे है जो एक जिले में दस साल से अधिक समय से रह रहे थे। 15 जुलाई 2021 को जारी आदेश में जिला महिला चिकित्सालय में तैनात ललित कुमार गर्ग का वरिष्ठ सहायक पर प्रमोशन करते हुए उनका बदायूं में सीएमओ ऑफिस में तबादला हुआ था। उनके साथ पूरे प्रदेश में 568 लिपिकों का तबादला हुआ। प्रदेश के कुछ लिपिकों की यह शिकायत थी कि उन्हें गृह जनपद से काफी दूर भेज दिया गया। कुछ ने यह प्रार्थना पत्र दिया था कि उसे उस जिले में नियुक्ति दी जाए जहां उसकी पत्नी नौकरी कर रही है।
ललित कुमार गर्ग ने भी इसमें प्रार्थनापत्र दिया जिसके बाद निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं डॉ गणपतिराजा आर ने 29 जुलाई को पुन: इनका तबादला बागपत जिले के जिला संयुक्त चिकित्सालय में कर दिया। निदेशालय से कई रिमाइंडर भी आ चुके हैं, लेकिन सीएमएस डॉ. आभा आत्रेय ने इन्हें रीलीव नहीं किया है। हाल ही में निदेशक ने रिमाइंडर में यह साफ कर दिया है कि स्थानांतरण की जगह ज्वाइन नहीं किया तो निलंबन की कार्रवाई होगी।
क्या कहती है सीएमएस
सीएमएस डॉ. आभा आत्रेय का कहना है कि हमारे यहां से पहले ही दो लिपिक रिलीव हो चुके हैं, जब यहां कोई आ जाएगा तो हम ललित कुमार गर्ग को रिलीव कर देंगे। निदेशालय के आदेश के पालन पर उन्होंने कहा कि हम पालन करेंगे। फिलहाल परिस्थिति नहीं है।