उत्तराखंड से देवबंद कोतवाली पहुंचे मृतका सानिया के रिश्तेदार
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। लिंक नहर अलीपुरा पुल के नीचे से मिले शव की शिनाख्त हो गई है। शव उत्तराखंड थाना कलियर के मुकर्रबपुर गांव निवासी सानिया का है। जो पिछले करीब एक सप्ताह से लापता थी और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई हुई थी।
बुधवार को अलीपुरा लिंक नहर पुल के नीचे से 25 वर्षीय युवती की लाश बरामद हुई थी। पहचान न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बृहस्पतिवार को उसकी शिनाख्त उत्तराखंड के थाना पिरान कलियर में पड़ने वाले गांव मुकर्रबपुर निवासी गुलशेर की पुत्री सानिया के रूप में हुई। सानिया के शव को लेने उसके रिश्तेदार के साथ गांव के कुछ लोग कोतवाली पहुंचे थे। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने शव को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पता चला है कि मृतका 24 फरवरी से गायब चल रही थी और कलियर थाना में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी। उसकी माता पिता की मृत्यु हो चुकी है। रिश्तेदार और ग्रामीणों की मदद से भाई शाकिर ने उसकी शादी दस माह पूर्व उत्तराखंड के छापर चोली गांव निवासी व्यक्ति के साथ की थी, लेकिन दहेज की मांग के चलते शादी के दो माह बाद ही वह मायके लौट आई थी। इस मामले में सानिया की ओर से ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का केस भी कराया हुआ है। विवेचक एसआई बलराम सिंह ने बताया कि मामले को थाना कलियर स्थानांतरित कर दिया गया है। सानिया की मौत की जांच कलियर पुलिस करेगी।