मुजफ्फरनगर/रतनपुरी। जानलेवा हमने के मामले में पकड़ा गया आरोपी समौली निवासी मंजीत उर्फ काला पेट दर्द का बहाना बनाकर दरोगा की पिस्टल छीनकर पुलिस हिरासत से भाग गया। पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया और पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि सोमवार रात रतनपुरी पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोपी मंजीत उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच उसने पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की। पुलिस उसे उपचार के लिए बुढ़ाना सीएचसी ले जा रही थी तभी रास्ते में उसने पेट में तेज दर्द की शिकायत करते हुए तुरंत शौचालय जाने के बारे में कहा।
पुलिसकर्मियों ने उसे जब गाड़ी से नीचे उतारा तो अचानक उसने दरोगा शैलेंद्र सिंह को धक्का देते हुए उनकी पिस्टल छीन ली। अंधेरे में भागकर खेत में छिप गया। पीछा करने पर उसने पिस्टल से पुलिस पर फायर किया।
इसी बीच वांछित अपराधियों की तलाश में निकली एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई। दोनों टीमों ने मुठभेड़ में आरोपी को पैर में गोली लगने पर घायल हालत में गिरफ्तार कर मैगजीन सहित दरोगा का पिस्टल बरामद कर लिया। आरोपी का चालान कर दिया।