ट्रक की चपेट में आकर किशोरी की मौत, जमकर हंगामा
मुजफ्फरनगर। गांव कूकड़ा में जौली रोड पर ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही किशोरी को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिसे जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर जाम लगाने का प्रयास किया, जिन्हें सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल समझा-बुझाकर शांत किया। शव को मोर्चरी भेज दिया गया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव कूकड़ा निवासी याकूब की बेटी आयशा (14) बृहस्पतिवार शाम ट्यूशन पढ़ने गई थी। शाम करीब सात बजे जैसे ही वह ट्यूशन से घर लौटते समय जौली मार्ग स्थित बैंक्वेट हॉल के सामने सड़क पार करने लगी, तेज रफ्तार ट्रक ने उसे चपेट में लेकर कुचल दिया। राहगीर गंभीर रूप से घायल किशोरी को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उधर, हादसे के बाद ट्रक छोड़कर भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़कर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। इसी दौरान जब किशोरी की मौत की जानकारी लोगों को मिली तो उग्र भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ का प्रयास करते हुए जौली मार्ग पर जाम लगाने का भी प्रयास किया। मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बमुश्किल लोगों को समझाबुझाकर शांत करते हुए शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ किशोरी के परिजन तहरीर देने की तैयारी कर रहे थे।