शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव बरवाला में नलकूप को ठीक कर रहे गौतम (52) और उनके भतीजे कार्तिक (20) की करंट लगने से मौत हो गई। एक साथ परिवार के दो लोगों की मौत से किसान परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना क्षेत्र के गांव बरवाला निवासी गौतम का संयुक्त परिवार है, जो एक साथ ही पैतृक जमीन में खेेती करते हैं। कुछ दिन पूर्व इनके खेत पर लगा नलकूप खराब हो गया था। गौतम रविवार सुबह 9.15 बजे कार्तिक के साथ खुद ही नलकूप ठीक करने गए थे। दोनों नलकूप के खराब पाइप को छत पर खड़े होकर बोरिंग से बाहर निकाल रहे थे। इस दौरान पाइप का ऊपरी हिस्सा नलकूप की छत के पास से होकर गुजर रही उच्च क्षमता की बिजली लाइन से टकरा गया। इस दौरान हुए तेज धमाके को सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को अचेत हालत में जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संवाद