लुहारी खुर्द के जंगल में पर्यवेक्षक पर हमला
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। लुहारी खुर्द के जंगल में खेत में ईख की फसल का मुआयना करने गए रोहाना गन्ना समिति के पर्यवेक्षक के साथ चार हमलावरों ने मारपीट कर कागजात फाड़ डाले। आरोपियों पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाया है।
सोमवार को समिति के पर्यवेक्षक संजय कुमार शासन के निर्देश पर लुहारी खुर्द गांव में किसान शमीमा पत्नी मुजीबुल हसन के खेत पर वर्तमान में खड़ी ईख की फसल की जांच करने पहुंचे। रजबहे के रास्ते बाइक खड़ी कर गांव के वसीम भी उनके साथ खेत पर गए। उन्होंने खेत पर किसान की ईख की फसल के बारे में अन्य लोगों से जानकारी ली। आरोप है कि इसी दौरान खेत पर पहले से ही मौजूद मुजीबुल हसन और उनके दो पुत्र समेत चार लोग मौजूद थे। बताया कि उनका बांड होने से खफा आरोपियों ने पर्यवेक्षक के साथ कहासुनी और गालीगलौज करनी शुरू कर दी। समिति का मूल रिकार्ड छीनकर फाड़ डाला और बुरी तरह से पिटाई की। धमकी दी कि भविष्य में गांव आए तो गोली मार देंगे। आरोपियों ने वसीम के साथ भी मारपीट की। काफी देर तक हंगामे और मारपीट के बाद आरोपियों के चंगुल से बमुश्किल बाहर आए। पीड़ित ने घटना की जानकारी एससीडीआई विनोद कुमार को दी। उन्होंने पूरा घटनाक्रम डीसीओ आरडी द्विवेदी को बताया। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अफसरों से बातचीत की। उसके बाद चारों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। एससीडीआई विनोद कुमार ने बताया कि हमलावर किसान की पत्नी का बांड गन्ना खत्म होने के कारण बंद किया गया था।