ग्राम थीतकी निवासी जीशान हैदर की मौत का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। थीतकी गांव निवासी जीशान हैदर नकवी की मौत के मामले में राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने एक बार फिर से पुलिस को तलब किया है। सुनवाई के लिए दस जनवरी नीयत की है। मृतक की पत्नी अफरोज ने तीन उपनिरीक्षकों समेत 13 पुलिसकर्मियों पर घर से बुलाकर पति जीशान की हत्या करने का आरोप लगाया है। जिसमें कई स्तर से जांच जारी है।
बीती चार सितंबर को गोकशी की जानकारी पाकर पुलिस ने थीतकी गांव के जंगल में छापा मारा था। जिसमें संदिग्ध हालात में थीतकी निवासी जीशान हैदर नकवी गोली लगने से घायल हो गया था। उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस का कहना था कि छापे के दौरान भागते समय अपने ही तमंचे से चली गोली से जीशान की मौत हुई है। हालांकि मृतक की पत्नी अफरोज का आरोप है कि पुलिस रात्रि में पति को घर से बुलाकर ले गई और उसकी हत्या कर दी। सुबह पुलिस ने ही उन्हें जीशान की मौत की जानकारी दी। इस मामले में अफरोज ने केंद्रीय एवं राज्य अल्पसंख्यक आयोग समेत उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। इसमें कई स्तर पर जांच चल रही है। जांच प्रक्रिया पूरी न होने से केंद्रीय व राज्य अल्पसंख्यक आयोग लगातार पुुलिस को तलब कर रहे हैं। अब फिर से राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने दस जनवरी की तिथि निर्धारित की है। मृतक जीशान हैदर के तहेरे भाई एवं सपा शासन में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे सैयद ईसा रजा ने कहा कि जब तब उन्हें इंसाफ नहीं मिल जाता तब तक कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे।