सपा ने जिला पंचायत चुनाव के लिए भरी हुंकार
मुजफ्फरनगर। सपा की मासिक बैठक में जिला पंचायत चुनाव को मजबूती से लड़ने और सपा के प्रकोष्ठों की मजबूत कार्यकारिणी बनाने की रणनीति बनाई गई। सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कहा कि सपा जिला पंचायत चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। उन्होंने आंदोलनकारी किसानों की ठंड से लगातार मौत और दुर्दशा के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
महावीर चौक स्थित सपा कार्यालय पर हुई बैठक में प्रमोद त्यागी ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। पूर्व विधायक अनिल कुमार ने अपनी विधानसभा क्षेत्र से जिला पंचायत चुनाव में सपा की सबसे बड़ी जीत का आश्वासन दिया। हाजी लियाकत अली और राकेश शर्मा ने सपा के मजबूत संगठन व मजबूत प्रत्याशियों के बूते जिला पंचायत चुनाव में फतह की बात कही। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र सैनी ने कहा कि भाजपा का ग्राफ लगातार गिर रहा है। किसानों का आंदोलन इनके ताबूत में आखिरी कील साबित होगा। मौके पर पूर्व राज्यमंत्री महेश बंसल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हारून अली, सोमपाल सिंह भाटी, विनयपाल प्रमुख, राजीव बालियान, साजिद हसन, गौरव जैन आदि मौजूद रहे।