जौला में तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। गांव जौला में ईंख के खेत में चल रही तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मौके से बड़ी संख्या में बने-अधबने तमंचे, पार्ट्स और उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपियों ने ग्राम पंचायत चुनाव के लिए तमंचे बनाकर सप्लाई करने की जानकारी दी है।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में शनिवार दोपहर प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गी व एसपी देहात नेपाल सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर एमएस गिल ने टीम के साथ गांव जौला में ईख के खेत में दबिश दी। टीम वहां पहुंची तो खेत में तमंचा फैक्टरी चलती मिली, जहां मौजूद तीन लोगों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में गांव जौला निवासी आकिल, पंकज व राहुल शामिल हैं। अफसरों ने बताया कि मौके से आठ तैयार तमंचे, दो तैयार मस्कट, तीन अधबने तमंचों के साथ ही तमंचों के पार्ट्स, असलाह बनाने के उपकरण और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम पंचायत चुनाव के मद्देनजर तमंचे बनाकर सप्लाई करने की जानकारी दी। एसपी देेहात नेपाल सिंह ने बताया कि तमंचे बनाते पकड़ा गया आकिल इससे पहले भी तमंचा फैक्टरी संचालन में जेल जा चुका है और हाल ही में जेल से छूटकर आया था। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।