मुजफ्फरनगर। रक्षा बंधन पर्व पर परिवहन निगम ने सभी मार्गों पर पर्याप्त बसें उपलब्ध कराए जाने का दावा किया है। सीएम योगी की घोषणानुसार शनिवार यानि आज रात 12 बजे से लेकर रविवार रात्रि 12 बजे रोडवेज बसों में महिलाएं नि:शुल्क यात्रा करेंगी। निगम ने शनिवार से लेकर मंगलवार 24 अगस्त तक बेडे़ की सभी बसों को मार्गों पर उतारने का निर्णय लिया है, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो। डिपो से हर मार्ग के लिए देर रात्रि में भी बसें उपलब्ध कराई जाएगी।
रक्षा बंधन पर्व को लेकर परिवहन निगम ने अपनी तैयारी कर ली है। एआरएम प्रेम सिंह ने बताया कि शनिवार से लेकर मंगलवार 24 अप्रैल तक सभी मार्गों पर रोडवेज बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। लोकल मार्गों पर विशेष ध्यान रखा गया है। बेडे़ में शामिल 191 बसों का संचालन किया जाएगा। सभी चालकों और परिचालकों की छुट्टी समाप्त कर दी गई है। यहां से बिजनौर, सहारनपुर, बड़ौत, बुढाना, कैराना, शामली, मेरठ, रुड़की मार्गों पर पर्याप्त बसें लगाई गई है। पहले से जो बस संचालित है, उनकी ट्रिप बढ़ा दी गई है, ताकि यात्रियों को कोई परेशानी न हो। इनके अलावा लंबी दूरी की बसें दिल्ली-देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, आगरा, लखनऊ मार्गों पर भी बसों की व्यवस्था रहेगी। रक्षा बंधन पर महिलाएं बसों में नि:शुल्क यात्रा करेंगी।
महिलाओं को शून्य बैलेंस का टिकट दिया जाएगा
रक्षा बंधन के दिन रविवार को रोडवेज की बसों में महिलाओं को फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी। वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राजकुमार तोमर ने बताया कि ट्राईमैक्स कंपनी से अनुबंध समाप्त होने के कारण इस बार ईटीएम से महिलाओं को टिकट नहीं दिया जाएगा। परिचालक महिलाओं को शून्य बैलेंस का हाथ से टिकट काट कर देगा। जो यात्री किराया देकर सफर करेगा, उसे ईटीएम से टिकट मिलेगा।