भैयादूज पर मुजफ्फरनगर के जिला कारागार पर लगी महिलाओं की कतार।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
जेल में बंद भाइयों को तिलक करने पहुंचीं बहनें
मुजफ्फरनगर। भैयादूज पर शनिवार को जेल में किसी न किसी मामले में बंद भाइयों को तिलक करने के लिए बड़ी संख्या में बहनें जेल में पहुंचीं। यहां कोविड गाइडलाइन का पालन कराते हुए महिलाओं को बंदियों से मिलाया गया। कुछ मुस्लिम महिलाएं भी इस दौरान जेल में अपने भाइयों से मिलने पहुंची।
भैयादूज पर्व पर जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने व उन्हें तिलक करने के लिए शनिवार सुबह से ही जेल पर बहनों की भारी भीड़ रही। शनिवार को जेल में मुलाकात नहीं कराने के नियम के बावजूद भैयादूज पर जेल के दरवाजे बहनों के लिए खोल दिए गए। जेल अधीक्षक सीताराम ने बताया कि मुलाकात कराने के लिए बहनों को कोविड गाइड लाइन का पालन कराते हुए जेल में भेजा गया। इसके लिए उनकी कोरोना निगेटिव रिपोर्ट अथवा वैक्सीनेशन कार्ड की तस्दीक की गई। इसके बाद जेल गेट पर बहनों द्वारा अपने भाइयों के लिए लाए गए सामान की जांच करने के बाद उन्हें अंदर भेजा गया। वहीं, कुछ ऐसे लोग भी जेल में पहुंचे, जिनकी बहन किसी मामले में जेल में बंद है। उनकी भी मुलाकात नियमानुसार ही कराई गई। जेल अधीक्षक ने बताया कि इस दौरान कुछ मुस्लिम महिलाएं भी जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने पहुंचीं, उन्हें भी कोविड गाइड लाइन के तहत बंदियों से मिलवाया गया।