नहीं खुला विद्यालय, बाहर खड़े रहे विद्यार्थी
मुजफ्फरनगर। खतौली ब्लॉक के ग्राम सिकंदरपुर कलां में सुबह शिक्षिकाएं नहीं पहुंची। स्कूल के छात्र बाहर खड़े रहे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डीएम को दी। इस पर बीएसए स्कूल पर पहुंचे। उन्होंने इंचार्ज अध्यापिका समेत तीन शिक्षिकाओं की वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने के आदेश जारी किए हैं।
बीएसए राम सागर पति त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर कलां प्रथम सुबह साढ़े नौ बजे तक भी नहीं खुला था। इसकी सूचना कुछ ग्रामीणों ने डीएम सेल्वा कुमारी जे के मोबाइल नंबर पर दी। विद्यालय का मुख्य द्वार बंद होने के कारण विद्यार्थी तथा अन्य स्टाफ भी बाहर खड़ा हुआ था। डीएम के निर्देश पर बीएसए ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो उस समय तक विद्यालय खुल चुका था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय अक्सर देरी से खुलता है। विद्यालय स्टॉफ से मौखिक रूप से अपना पक्ष रखने को कहा गया, लेकिन अध्यापक संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। इस मामले में बीएसए ने इंचार्ज अध्यापिका दीपा, सहायक अध्यापिका जिज्ञासा बंसल एवं प्रतिभा की वार्षिक वेतन वृद्घि रोकने के आदेश दिए हैं।