उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शनिवार को एक बड़े ज्वैलरी शोरूम में बदमाशों ने 70 लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। बताया गया कि शोरूम मालिक को चोरी का उस वक्त मालूम पड़ा जब वह स्टाॅक का मिलान करने के लिए शोरूम पर पहुंचा। वहीं इतनी कीमत के जेवर चोरी होने पर कारोबारी भी सकते में आ गया। शोरूम मालिक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलि ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहर के बड़े सर्राफ रामकुमार ज्वैलर्स के यहां से चोर हाथ की सफाई दिखाते हुए लगभग 70 से 80 लाख रुपए के सोने के जेवर उड़ा ले गए। भगतसिंह रोड स्थित ज्वैलरी शोरूम पर चोरी का पता तब चला, जब दिन भर की बिक्री के बाद शाम को माल का मिलान किया गया।
इसमें एक डिब्बा गायब मिला, जिसमें सोने की चेन थी। इनकी कीमत 70 से 80 लाख रुपये बताई गई है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस जांच में जुटी हुई है। चोर का कारनामा सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। पुलिस घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सहारा ले रही है।