खतौली पुलिस ने मुठभेड के बाद गिरफ्तार किया लूट का आरोपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
दिनदहाड़े मुठभेड़ में लुटेरा दबोचा
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव गंगधाड़ी के जंगल में शनिवार दोपहर हुई मुठभेड़ में पुलिस ने मेरठ निवासी लुटेरे अमित को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। गोली लगने से घायल लुटेरे को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। लुटेरे ने तीन दिन पूर्व ही गांव गंगधाड़ी के किसान से 50 हजार की नकदी लूटी थी।
जनपद की स्वॉट टीम ने शनिवार दोपहर मीरापुर रोड से होते हुए खतौली मार्ग पर संदिग्ध लुटेरों की तलाश में अभियान चलाया था। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, तो वे खतौली की तरफ भागने लगे। स्वॉट टीम ने इसकी जानकारी खतौली पुलिस को देते हुए उनका पीछा शुरू कर दिया। सामने से आती खतौली पुलिस को देख आईटीआई के पास बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर गांव गंगधाड़ी मार्ग पर बाइक दौड़ा दी। इस पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। सूचना पर सीओ राकेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि घायल बदमाश मेरठ जनपद के पावली खास निवासी अमित है, जबकि उसके फरार साथी की पहचान पावली खास के ही अंकुर के रूप में हुई है। लुटेरे से संदिग्ध बाइक के साथ ही तमंचा-कारतूस भी बरामद किए गए हैं। सीओ ने बताया कि उक्त लुटेरों ने तीन दिन पूर्व गांव गंगधाड़ी निवासी किसान राजकुमार से 50 हजार की नकदी लूटी थी।