रोडवेज बस का टायर फटा, तीन यात्री घायल
खतौली। कस्बे में बुढ़ाऩा तिराहे के निकट अचानक रोडवेज बस के अंदर रखा टायर फट गया। इसके चलते बस के अंदर टायर के ऊपर की सीट पर बैठे तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
साहिबाबाद डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस रविवार सुबह दिल्ली के आनंद विहार से मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुई थी। रोडवेज बस में मुरादनगर से वहीं का निवासी संजय पत्नी दीपिका के साथ ही अन्य परिजनों निखिल, रवीना, संजना, काजल व स्पर्श के साथ खतौली आने के लिए सवार हुआ था। इनमें से रवीना, दीपिका व स्पर्श टायर के ऊपर वाली सीट पर बैठे हुए थे। यह बस खतौली में रोडवेज बस स्टैंड से आगे निकलकर बुढ़ाना मोड़ के पास पहुंचीं, अचानक तेज धमाके से बस का टायर फट गया। टायर फटने से हुए जबरदस्त धमाके से बस के फर्श की मोटी चादर भी फट गई, जिससे उसके ऊपर सीट पर बैठी दोनों युवतियां व बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, टायर फटने से हुए जबरदस्त धमाके से पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को ले जाकर सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं, बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।