रोजगार मेले में रालोद का हंगामा, मंत्री का भाषण रोका
मुजफ्फरनगर। आईटीआई परिसर में चल रहे रोजगार मेले में रालोद छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल का भाषण बीच में रोक दिया। राज्य मंत्री को अधिकारी मेले से सुरक्षित कमरे में ले गए। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में कपिलदेव अग्रवाल ने कमरे में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से बात की, जिसमें छात्रों ने मंत्री को खरी खोटी सुनाकर अपना गुस्सा शांत किया।
रालोद छात्रसभा के कार्यकर्ता कलक्ट्रेट में प्रदर्शन के लिए जा रहे थे। कार्यकर्ताओं को पता चला कि सरकारी आईटीआई में कौशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल रोजगार सृजन कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। तो रालोद छात्र सभा के नेता आईटीआई में चल रहे कपिल देव अग्रवाल के कार्यक्रम में पहुंच गए। रालोद कार्यकर्ताओं की भीड़ को देख मंत्री कपिल देव अग्रवाल को अपना भाषण बीच में ही बंद करना पड़ा। अधिकारी राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल आईटीआई के प्रशासनिक भवन में ले गए। इसी बीच भारी फोर्स एडीएम अमित कुमार और सीओ सिटी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में आईटीआई पहुंच गई।
रालोद छात्र सभा के नेता आदित्य पंवार और सार्थक लाटियान, विदित मलिक आदि के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए और राज्य मंत्री को बाहर लाकर उनके सवालों का जवाब देने की मांग करने लगे। आदित्य पंवार ने कहा कि साढ़े चार वर्षों में किसी भी युवा को रोजगार नहीं मिला, बेरोजगारी चरम पर है और भारतीय जनता पार्टी सरकार रोजगार के नाम पर फर्जी दावे कर जश्न मना रही है। बाद में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल से प्रशासनिक कक्ष में ही छात्र प्रतिनिधियों की वार्ता कराई गई, जिसमें छात्र नेताओं ने इस तरह के कार्यक्रम आयोजित न करने के लिए कहा। साथ ही किसानों की हत्या में नामजद लोगों की गिरफ्तारी की मांग की और चेताया कि अगर सरकार किसानों को ऐसे ही कुचलने का प्रयास करती रही तो भाजपा का कोई विधायक, मंत्री सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं कर पाएगा।
कलक्ट्रेट में दिया राज्यपाल के नाम ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। रालोद छात्रसभा के जिलाध्यक्ष सार्थक लाटियान के नेतृत्व में कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे और राज्यपाल के नाम एडीएम प्रशासन अमित सिंह को ज्ञापन दिया गया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ज्ञापन देने वालों में छात्र सभा क्षेत्रीय अध्यक्ष आदित्य पंवार, युवा जिला अध्यक्ष विदित मलिक, सुधीर भारतीय, हर्ष राठी युवा नेता, समद खान, जयवीर ठाकरान, काजी फैज, आयुष जावला, योगराज त्यागी, एकांश लच्छेडा, नितिन शेरावत, मोहित मलिक, विनम्र बालियान, अमन दीपक निरवाल, गौतम अहलावत, अर्जुन, कार्तिक मलिक, मयंक बालियान, आदेश तोमर, सोनू, मनोज पंवार, शिवम तोमर, केपी सिंह, नौशाद खान, आशीष, मोंटी कादियान, रोहित राणा, नीलम शर्मा आदि शामिल रहे।