थाने में धरना देने वाले लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर, मंसूरपुर। थाना परिसर में भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर धरना देने के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को नामजद करते हुए 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, धरने का नेतृत्व करने वाले पुरबालियान निवासी अहसान की हिस्ट्रीशीट भी खोल दी गई है। दोनों नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरबालियान निवासी नईम उर्फ पोंटिंग ने कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ फोटो वायरल की थी। थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को आरोपी नईम उर्फ पोंटिंग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके विरोध में भाकियू तोमर के कार्यकर्ता गांव पुरबालियान निवासी अहसान के नेतृत्व में थाने में पहुंचकर धरने पर बैठ गए थे। कार्यकर्ताओं ने लाउडस्पीकर पर माइक से भाषण देते हुए थाना पुलिस पर भ्रष्टाचार के साथ ही नईम पर फर्जी मुकदमा दर्ज किए जाने के आरोप लगाए थे।
धरना देने वालों में आरोपी नईम उर्फ पोंटिंग भी शामिल था। वहीं, धरने का नेतृत्व करने वाले अहसान के खिलाफ भी लूट-चोरी व दुष्कर्म समेत 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले की जानकारी मिलने पर एसएसपी अभिषेक यादव ने थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
थाना पुलिस ने धरने का नेतृत्व कर रहे अहसान के साथ ही सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ फोटो वायरल करने वाले नईम उर्फ पोंटिंग को नामजद करते हुए 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, आरोपी अहसान के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज होने के चलते उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोल दी गई है।