- यूपी के चुनावी माहौल में मुलाकात के निकाले जा रहे अर्थ
- चौधरी राकेश टिकैत ने राजनीति से दूर रहने की बात कही
- महाराष्ट्र जाकर जल्द ही किसानों के लिए किए जा रहे काम देखेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। यूपी में सियासी उठापटक के बीच शिव सेना के सांसद संजय राउत ने भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत से मुलाकात की। बंद कमरे में दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी मोबाइल पर टिकैत से किसानों के मुद्दों पर बातचीत की। मुलाकात के सियासी मायने भी निकले जा रहे हैं।
बृहस्पतिवार को राज्यसभा सांसद संजय राउत टिकैत के सरकुलर रोड स्थित आवास पर पहुंचे। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने उनका अभिनंदन किया। किसान और शिव सेना नेता के बीच लगभग एक घंटे तक बातचीत चली। दिल्ली में लंबे किसान आंदोलन के अलावा वर्तमान में किसानों की स्थिति पर भी बातचीत की गई। टिकैत ने बताया कि किसानों के मुद्दे पर बातचीत हुई है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी मोबाइल पर बातचीत कर किसानों और यूपी के मुद्दों पर बात की है, वह जल्द ही महाराष्ट्र पहुंचकर सीएम से मिलेंगे। किसानों के लिए किए जा रहे कार्यों को भी देखने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के पुत्र गौरव टिकैत, चौधरी नरेंद्र सिंह, चरण सिंह, रमेश मलिक और रविंद्र मुखिया मौजूद रहे।
अयोध्या से लड़ेगी शिवसेना, यूपी में होगा परिवर्तन : राउत
- भाकियू प्रवक्ता के आवास पर राउत ने की पत्रकारों से बातचीत
मुजफ्फरनगर। शिव सेना के सांसद संजय राउत ने कहा कि पार्टी यूपी में 50 से 100 जगह उम्मीदवार उतारेगी। चुनाव बैलेट पेपर से होना चाहिए। कांग्रेस को अगर गठबंधन करना है तो शिव सेना से बात कर सकती है। अयोध्या में प्रत्याशी उतारा जाएगा। इस बार यूपी में सत्ता परिवर्तन होगा। किसानों के समर्थन के बिना राजनीति नहीं चलेगी। यूपी में किसान तय करेगा कि गद्दी पर कौन बैठेगा। किसानों की लड़ाई खत्म नहीं हुई है। कांग्रेस से गठबंधन महाराष्ट्र में है, अगर कांग्रेस यूपी में चाहती है तो बात कर सकती है। शिव सेना जल्द ही घोषणापत्र जारी करेगी।
अराजनैतिक रहेंगे, चुनाव में किसी को समर्थन नहीं : टिकैत
-हरियाणा की तर्ज पर होनी चाहिए उत्तर प्रदेश में बिजली की दरें
मुजफ्फरनगर। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को चुनाव में समर्थन नहीं किया जाएगा। भाकियू के मुद्दे अराजनीतिक है। महाराष्ट्र सरकार ने दिल्ली के किसान आंदोलन में किसानों की मदद की है। बिजली की दरों का उदाहरण देखें तो हरियाणा की खट्टर सरकार की पॉलिसी यूपी से बेहतर है। सरकार का नहीं उसकी किसान विरोधी नीतियों का विरोध करते हैं। संजय राउत के साथ हुई मुलाकात राजनीतिक बैठक नहीं है। किसानों के मुद्दों पर चर्चा हुई है। किसानों के हकों की लड़ाई जारी है और जारी रहेगी।
पगड़ी, चिट्ठी और शिवाजी महाराज का चित्र भेंट किया
मुजफ्फरनगर। सांसद संजय राउत ने चौधरी राकेश टिकैत को पगड़ी, छत्रपति शिवाजी महाराज का चित्र और पुराने रिश्तों को याद दिलाता एक एतिहासिक पत्र भी सौंपा है। आजादी की लड़ाई के दौरान सदाशिव राव भाउ की ओर से लिखा गया बताया गया है। जिसमें पश्चिमी यूपी और महाराष्ट्र के रिश्तों की पुष्टि होना राउत और टिकैत ने बताया है।