शाहपुर। प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका कुश्ती प्रतियोगिता में गढ़ी नौआबाद की पहलवान प्रियंका ने स्वर्ण पदक और गांव कुटबी निवासी पहलवान दीपाली में कांस्य पदक हासिल किया है।
राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के कुश्ती कोच प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रदेश स्तरीय सब जूनियर दो दिवसीय बालिका कुश्ती प्रतियोगिता आगरा के विद्यारंभ डिफेंस एकेडमी पर्यटन ग्राम बरारा में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के प्रथम दिन ग्राम गढ़ी नौआबाद की होनहार पहलवान प्रियंका ने 53 किग्रा भार की कुश्ती में अपनी प्रतिद्वंद्वी पहलवान को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा कॉलेज में स्थित अखाड़े की पहलवान गांव कुटबी निवासी दीपाली ने 57 किग्रा भार की कुश्ती में कांस्य पदक हासिल किया। प्रदेश स्तर पर पदक हासिल करने वाली दोनों होनहार बालिका पहलवानों का प्रदर्शन देखकर अन्य खिलाड़ियों में भी प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। दोनों बालिका पहलवानों द्वारा पदक हासिल करने पर अखाड़े व क्षेत्र में खुशी की लहर है ।