सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारियों में जुटा गौरव
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। रूस में आयोजित जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में हाल ही में कांस्य पदक जीतने वाले गांव सोरम का पहलवान गौरव बालियान अब सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए वह 31 अगस्त को होने वाले ट्रायल में भाग लेगा।
गांव सोरम में स्थित टारगेट ओलंपिक कुश्ती एकेडमी में प्रैक्टिस करने वाले पहलवान गौरव बालियान ने हाल ही में रूस में हुए जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेते हुए कांस्य पदक जीता था। गौरव के कोच निर्दोष बालियान ने बताया कि अब वह नार्वे में दो से दस अक्तूबर तक होने वाली सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए तैयारियों में जुटा हुआ है। इसके लिए वह 31 अगस्त को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में होने वाले ट्रायल में भी हिस्सा लेगा। कोच ने बताया कि गौरव बालियान अब तक सीनियर एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में रजत पदक, साउथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक और सब-जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुका है। उसकी उपलब्धियों के चलते प्रदेश सरकार उसे वर्ष 2020 में लक्ष्मण पुरस्कार से भी सम्मानित कर चुकी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वह ट्रायल की तैयारियों में सोरम स्थित एकेडमी में ही कड़ी तैयारियों में जुटा हुआ है।