मुजफ्फरनगर। छपार क्षेत्र के तेजलहेड़ा गांव में युवकों के दो पक्षों के बीच हुआ झगड़ा जातीय तनाव में बदल रहा है। एहतियात के तौर पर गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत दोनों पक्षों की पंचायत में शामिल हुए और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। सर्वसमाज के लोगों से शांति से समाधान निकालने की मांग रखी। तय किया गया कि चार दिन बाद दोबारा दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर समाधान निकाला जाएगा।
तेजलहेड़ा में 14 अगस्त को जाट और गुर्जर समाज के युवकों के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया था। जाट समाज के घायल तीन पीड़ित अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने आरोपी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। गुर्जर पक्ष के लोगों का कहना है कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की है। गांव में तनाव को देखते हुए एक प्लाटून पीएसी तैनात कर दी गई है। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, पुरकाजी के चेयरमैन जहीर फारूखी, जनपद जाट महासभा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर बालियान समेत अन्य लोगों ने गांव में पहुंचकर पहले गुर्जर और फिर जाट समाज के लोगों से बातचीत की। दोनों पक्षों से भाईचारा बनाए रखने की अपील की। टिकैत ने कहा कि प्रकरण को जातीय रंग देना ठीक नहीं है। युवा झगड़े में पड़कर अपना भविष्य चौपट कर रहे हैं। सामाजिक लोगों की जिम्मेदारी है कि ऐसे प्रकरणों में आगे बढ़कर उनका निस्तारण कराएं और युवा पीढ़ी को सही रास्ता दिखाएं।