ऑक्सीजन का संकट बरकरार
मुजफ्फरनगर। जिले में ऑक्सीजन गैस का संकट लगातार बना हुआ है। आम आदमी अपने बीमार परिजनों को बचाने के लिए जूझ रहा है। आईटीआई के मैदान में लोग लंबी कतार में लगे रहे, लेकिन यहां केवल 125 लोगों को ही ऑक्सीजन मिल पाई।
बीते तीन दिनों से ऑक्सीजन का सही प्रकार से वितरण नहीं हो पा रहा है। एक तरफ होम आइसोलेशन के मरीजों की आपूर्ति नहीं हो पा रही है और लाइन में लगने वाले मरीजों के परिजनों को ऑक्सीजन नहीं मिल पा रही है, दूसरी तरफ ऑक्सीजन ब्लैक किये जाने के मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार को आईटीआई मैदान में लाईन में लगे 125 लोगों को ही ऑक्सीजन मिल पाई। बाकी को निराशा ही हाथ लगी। रामा गैसेज के अंकित सिंघल ने बताया कि शनिवार रात को लिक्विड ऑक्सीजन मिल गई है, रविवार को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाएगी।