मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
मंगलवार रात नई मंडी थाना क्षेत्र में भोपा रोड पर बिंदल पेपर मिल के सामने अज्ञात वाहन ने पैदल एक युवक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई। इसके अलावा मखियाली के पास सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भंडूरा निवासी दीपक, अंकुर, ललित हादसे में घायल हो गए। कूकड़ा निवासी अरविंद को जानसठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। मीरापुर के दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग ग्राम सिकरेड़ा के निकट दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में नया गांव भूम्मा निवासी अतर सिंह और मोनू निवासी मोहल्ला शरफपुरा मीरापुर घायल हुए है।
उधर, जानसठ के बुधवार सुबह बुढ़ाना निवासी आफताब बाइक से जानसठ आ रहा था। रास्ते में खतौली और जानसठ मार्ग पर गांव सादपुर से निकलते ही सामने से आ रही कार ने बाइक में साइड मार दी। साइड लगने से बाइक सवार युवक घायल हो गया, जबकि चालक मौके से कार लेकर फरार हो गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों घायल बाइक सवार युवक को जानसठ में स्थित एक चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। जहां पर युवक का इलाज चल रहा है। इस संबंध में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।