घुमंतू जाति के बदमाशों ने सराफ के यहां की थी चोरी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मंडी क्षेत्र में सराफ की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चार चांदी की मूर्तियां और 1.05 लाख रुपये बरामद किए है। घुमंतू जाति के गैंग ने यह वारदात अंजाम दी थी।
थाना परिसर में सीओ मंडी हिमांशु गौरव ने पत्रकारों को बताया कि 24 अक्तूूबर, 2020 की रात चोरों ने मंडी क्षेत्र में पंकज ज्वेलर्स की दुकान का शटर उखाड़कर चांदी की मूर्तियां व सोने के जेवरात चोरी कर लिए थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
सीओ मंडी ने बताया कि थाना प्रभारी की टीम ने ज्वेलर्स की दुकान में चोरी करने वाले गैंग के आरोपी मुकीम, डम्मी व इस्लाम निवासी बिलासपुर चांद, थाना बिलासपुर जनपद रामपुर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी की चांद चांदी की मूर्तियां और 1.05 लाख रुपये बरामद कर लिए है।
इस तरह रैकी करते है घुमंतू जाति के बदमाश
यह गैंग घुमंतू जाति के लोगों का है। ये ट्रेन के माध्यम से शहर में आते है और दिन में महिलाओं व बच्चों के साथ बाजार में घूमकर रैकी करते है। रात्रि में परिवार को रेलवे स्टेशन पर छोड़कर रैकी किए स्थान पर चोरी की घटना को अंजाम देता है। वारदात करने के पश्चात यह गैंग ट्रेन में बैठकर शहर से बाहर चला जाता है। गैंग के काफी लोग शहर से बाहर परिवार के साथ डेरों में रहते है। अधिकतर गैंग अंधेरी रात में चोरी की घटना को अंजाम देता है। इस गैंग में अन्य लोग भी शामिल है, जिनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने वापस दिलाए रुपये
मुजफ्फरनगर। साइबर हेल्प सेंटर ने दो पीड़ितों के पैसे कार्रवाई करते हुए वापस करा दिए है। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मनव्वरपुर कलां निवासी विवेक सैनी ने साइबर हेल्प सेंटर में शिकायत करते हुए बताया कि अज्ञात व्यक्ति रम्मीरायल एप के माध्यम से 16500 रुपये निकाल लिए। साइबर हेल्प सेंटर ने कार्रवाई करते हुए रम्मी रायल को फ्रॉड से अवगत करते हुए पैसे वापस कराए है। इसके अलावा अंशिका जैन निवासी प्रेमपुरी ने शिकायत करते हुए बताया कि उसके बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने फोन पे के माध्यम से 35 हजार रुपये निकाल लिए। साइबर हेल्प सेंटर ने फोन पे और पेटीएम को फ्राड से अवगत कराते हुए उसके पैसे वापस करा दिए है। संवाद