मदरसे के प्रबंधक को बंधक बनाकर लूटे पांच लाख
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गत मध्य रात्रि नकाबपोश चार बदमाशों ने एक मदरसे में घुसकर प्रबंधक को बंधक बनाते हुए अलमारी में रखे पांच लाख की नगदी लूट ली। बदमाश प्रबंधक को चारपाई से बांधकर भाग गए। सुबह लूट की घटना का पता उस समय चला जब नौकर ने पहुंचकर प्रबंधक को नमाज पढ़ने के लिए आवाज लगाई। पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
खतौली से जानसठ मार्ग पर गांव खांजापुर मोड़ स्थित मदरसे की छुटटी होने के कारण सभी बच्चे अपने घर गए हुए है। बृहस्पतिवार की रात प्रबंधक सैय्यद मोहम्मद नोमान मदरसे के कमरे में सो रहे थे। मध्यरात्रि के समय कुर्सियों की आवाज आने पर उन्होंने आवाज लगाई, जब कोई नही बोला तो उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला। दरवाजा खुलते ही तीन नकाबपोश बदमाश उनके कमरे में दाखिल हो गए, जबकि एक बदमाश कमरे से बाहर ही निगरानी के लिए रुक गया।
प्रबंधक मौहम्मद नौमान ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने उन्हें चारपाई पर रस्सी से बांध दिया। पूरे कमरे का सामान खुदबुर्द करते हुए अलमारी में रखे मदरसे, मस्जिद और निजी रुपये करीब पांच लाख की नगदी लूटकर बदमाश भाग गए। ग्रामीणों ने पुलिस से लूट की वारदात का जल्द खुलासा किए जाने की मांग की। पीड़ित सैय्यद मौहम्मद नौमान की ओर से थाने में तहरीर दी गई। कोतवाल धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है, जांच पड़ताल की जा रही है।
सीओ राकेश सिंह का कहना है कि घटना की तहरीर ले ली गई है। मामले की जांच पड़ताल कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। चूंकि मौके पर एक संदूक में रखे रुपये वहीं पर मिले है, बदमाश मोबाइल भी नही ले गए।